आगरा (Agra) स्थित दुनिया के सात अजूबे में से एक ताज महल (Taj Mahal) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उसके अंदर बम होने की खबर पुलिस को मिली।
एसपी प्रोटोकॉल शिव राम यादव ने बताया कि हमें कंट्रोल रूम से जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति ने उनसे ये कहा कि सेना की भर्ती में गलितियां हैं और उसे भर्ती नहीं किया गया था। ताजमहल पर एक बम रखा गया है, जो जल्द ही फट जाएगा। फोन कॉल ट्रेस करने के बाद सूचना देने वाले की लोकेशन फिरोजाबाद में मिली। वहां पर उसको पकड़ा गया है। इस मामले में आगे की पड़ताल अभी जारी है। फिरोजाबाद से एक सिरफिरे ने फोन करके बम की झूठी सूचना दी थी। करीब दो घंटा तक ताजमहल के दोनों गेट को बंद करने के बाद चेकिंग की गई। इसके बाद गेटों को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। ताजमहल की चेकिंग में अभी तक कोई बम नहीं मिला है।
ताजमहल के दोनों प्रवेश द्वार को बंद करके चेकिंग की गई। बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) के साथ अन्य टीमों को भी बुलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों को भी बाहर ही रोका गया। सीआइएसएफ व पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और सुबह करीब 9.30 बजे ताजमहल से पर्यटकों को बाहर निकाल दिया गया। ताजमहल के पूर्वी व पश्चिमी गेटों को बंद कर दिया गया। इसके साथ ही आसपास का बाजार भी बंद करा दिया गया।
बम निरोधक दस्ता ने मौके पर पहुंच कर तत्काल पड़ताल की। पूरे परिसर की छानबीन की। माना जा रहा है कि ताजमहल के अंदर बम ले जाना नामुमकिन है। यहां पर सभी पर्यटकों को बड़े सुरक्षा जांच चक्र के बीच गुजार कर ही प्रवेश दिया जाता है। lलेकिन फिर भी आगे की जांच चल रही है।